Showing posts with label चंद्रकांत देवताले. Show all posts
Showing posts with label चंद्रकांत देवताले. Show all posts

21 February 2013

यह वक़्त नहीं, एक मुकदमा है : चंद्रकांत देवताले



चंद्रकांत देवताले 18-19 फरवरी को दिल्ली में थे. मौक़ा था साहित्य अकादमी पुरस्कार ग्रहण करने का. बेहद सहज स्वभाव वाले देवताले जी, जिन्होंने सच बोलने की अपनी जिद के कारण झूठ यानी कविता का रास्ता चुना,  ने इस मौके पर राइटर्स मीट कार्यक्रम में अपनी कविता और अपने समय पर एक कवि की जमीन पर खड़े हो कर बात की। सम्मान लेने के बाद दिए गए उनके वक्तव्य को आप यहाँ पढ़ सकते हैं। इसमें न वैचारिकी का घटाटोप है न अपने लिखे को महिमामंडित करने की कोई कोशिश… यह एक कवि  का अपनी कविता पर दिल से दिया हुआ वक्तव्य है. 
==================================================================





मंच पर आसीन मेरे सभी समानधर्मा हमसफर साथी! भवन में उपस्थित सुधीजनों,
यह प्रतिष्ठित प्रसंग मेरे लिए आत्ममुग्धता का नहीं, आप सबके बीच होने और अपनी आवाज की  सार्थकता के एहसास का है. इस बुलडोजर सुनामी समय में जो हर तरह से विस्थापित कर रहा है, एक कवि क्या कह और और कर सकता है! फिर भी बहुत कुछ जो उमड़-घुमड़ रहा है मेरे भीतर, अव्यवस्थित ही सही, संक्षेप में कहने की कोशिश करूंगा. मैं अपनी ही बात  कहूंगा- क्योंकि मैं अच्छी तरह जानता हूं कि कविता या कवियों का कोई प्रवक्ता नहीं हो सकता.

मेरे भीतर से आवाज आ रही है कि मैं आपको बता दूं कि भाषा की धरती मुझे कहां और कैसे मिली और मेरे नसीब में कविता का घर कैसे आया? घर न दान में, न उधार में, न किराये का. यह घर पुरखों और मेरे बचपन, किशोरावस्था, परिवार, कस्बे, शहर के वातावरण ने दिया विरासत में. आदिवासी इलाके में जन्म, ताप्ती-नर्मदा किनारे बचपन, गांव के नाते-रिश्ते आज तक मेरे साथ हैं. इंदौर में द्वितीय विश्वयुद्ध और स्वतंत्रता आंदोलन की बहस के साथ कविता सुनने का अवसर मिलता था अपने घर में. 1942 में मेरे बड़े भाई स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय थे और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हुए. दूसरा भाई साहित्य प्रेमी हुआ.

आज से लगभग 62 वर्ष पूर्व नर्मदा नदी में छपाक-छपाक करते जो मैं बुदबुदा रहा था, घर आ कर मैंने नोट किया तो एक सहपाठी ने कहा- यह तो कविता हो गयी. 1952 में हाई स्कूल पत्रिका में मेरी ‘मजदूर’ शीर्षक से पहली कविता छपी. तब मैं नवीं का छात्र था. संत कबीर, सियारामशरण गुप्त, बालकृष्ण शर्मा ‘नवीन’ आदि पुरखों की कविता पंक्तियों ने मुझे संस्कार, सोच व जीवन-दृष्टि प्रदान की, जिनसे मेरी पक्षधरता-प्रतिबद्धता तभी तय हो गयी. बाद में बुद्ध, भगत सिंह, निराला, मुक्तिबोध, परसाई आदि के कारण यह परिपुष्ट हुई.
यह भी बताना चाहूंगा कि मुझे नकाबपोश कवि होना कभी नहीं सुनाया. मेरी इच्छा आज तक जीवित है कि मैं जहां भी होऊं कवि होने की खुशबू आसपास के लोगों को मुझसे मिले और जिन्हें चुभना चाहिए मेरे कांटे चुभें. जिस तरह मनुष्य उसी तरह कवि एक साथ. दोनों के बीच विभाजन नहीं. यह भी कि जैसे मनुष्यता पेशा नहीं हो सकता, कविताई भी धंधा नहीं हो सकती.

चौवन में 'नई दुनिया', इंदौर में फिर सत्तावन में 'ज्ञानोदय', 'धर्मयुग' में कविता प्रकाशित हुई. यहां मुझे अपनी मां एकाएक याद आ रही है. कविता के कारण मुझे बचाती हुई. वाकया 1960 का है. मैं हिंदी साहित्य में  एमए प्रथम श्रेणी, आठ-दस महीनों से बेकार भटक रहा था. आत्महत्या की बात बार-बार मन में आती. इस इरादे को अंजाम देने के पहले मैंने एक कविता लिखी- ‘मेरे मरने के बाद’. उसमें यह भी था कि रामू पानवाले को दो सौ तीस रुपये चुका देना- कैसे भी, बेचारे ने बिन पैसे मांगे बेकारी के ध्वस्त दिनों में पान खिलाए हैं मुझको.’ यह कविता मेरे बड़े भाई के हाथ लग गयी और उन्होंने मां को सुना दी. मां बहुत रोई-धोई और चुपचाप पानवाले का हिसाब चुकता कर आ गयी. इस तरह संतप्त मां को देखने के बाद कोई कैसे मर सकता था, तो कविता के कारण बचा और ऋणमुक्त भी हुआ.

हां! कविता बचाती तो है, पर सौगात होते हुए भी कवि होना एक नैतिक सजा है. सतत दोहरी जासूसी जमाने और खुद की भी. कवि वैसे भी अन्याय विरोधी और विद्रोही होता है. मुक्तिबोध ने कहा भी है कि ‘सच्चा लेखक अपने खुद का दुश्मन होता है. वह अपनी आत्मा की शांति भंग करके ही लेखक बना रहता है’. शायद  ऐसी ही पीड़ा के साथ हिंदी साहित्य के प्रणेता भारतेंदु हरिश्चंद्र ने एक सौ तीस वर्ष पूर्व अपने भारत दुर्दशा नाटक में आह्वान किया था कि आओ भाई इकट्ठे हो कर आंसू बहाओ अब भारत की दयनीय अवस्था देखी नहीं जाती. बीसवीं सदी के प्रारंभ में राष्ट्र कवि मैथिलीशरण गुप्त ने कहा था- हम क्या थे? क्या हो गये? क्या होंगे अभी?’ आज एक सदी के बाद निरंतर डेंजरस होते जा रहे शाइनिंग इंडिया में हम भाषा-विचार-सृजन-संस्कृति के एक तरह से पहरेदार क्या कहेंगे?

मैं भी प्रश्नों-संदेहों और संकोच के बाणों से बिंधा इस महादुर्दशा के बारे में क्या कहूं? आप सब मुझसे ज्यादा ही जानते हैं. हमसे कोई पूछनेवाला भी नहीं कि ‘क्यों खामोश थे कविगण’...‘सब चुप, साहित्यिक चुप और कविजन निर्वाक्...’.ध्वस्त होते समय में साहित्यकार-बौद्धिक वर्ग कहां है? जैसा कि हेमिंगवे ने कहा था बिना घायल हुए कोई कवि नहीं हो सकता. हां हमारे पास जख्म हैं. धरती-पर्यावरण-जन संस्कृति-हमारी अस्मिता-देशीयता-भाषा और बहुजनपदीय विविधता के तहस-नहस होने के जख्म ही जख्म.
अस्सी प्रतिशत आबादी तक स्वराज का सम्मान, आधुनिकता की सुविधाओं के साथ शिक्षा-स्वास्थ्य, वैज्ञानिक सोच-समझ आज तक क्यों नहीं पहुंचा पाये? समृद्धि संपन्नता के जगमगाते  द्वीप और विपन्नता का महासमुद्र.

वैश्विक पूंजी, बहुराष्ट्रीय कंपनियां और ताकतवरों के सामने सब कुछ बिकाऊ है. कई-कई जमातों-तबकों में बंटा संकीर्णतावादी सोच समाज में भेदभाव-नफरत फैलाते अराजकता जैसा वातावरण बना रहा है. और यह सब आभासी तरक्की की घोषणाओं के बीच हो रहा है. टेलीविजन दिन-रात कूड़ा-करकट फेंकते, बाजारवादी क्रांति का शंखनाद कर रहा है और विचार की जगह नष्ट कर असहिष्णुता को बढ़ावा दे रहा है.
साहित्य-विचार और वाणी को नारेबाजी के भभ्भड़ में हमने एक विराट वाशिंग मशीन के हवाले कर दिया है. यदि बुद्ध,  चंडीदास, नानक, तुकाराम और रहीम जैसों के वचनों को मन आचरण में थोड़ी भी जगह दी होती, तो हमारी आज जैसी नियति नहीं होती. फिर भी बहकानेवाले आशावाद और आत्मघाती निराशा से बचते हुए साहस के साथ अभिव्यक्ति के खतरे उठाते हमें कोशिश तो करते ही रहना है और याद रखना है मार्खेज का कहा-‘प्रसिद्धि आसमान में खतरे की तरह मंडराती है.
और अंत में थोड़ा कुछ कविता की ही जुबानी.

  • मेरी किस्मत में यही अच्छा रहा/ कि आग और गुस्से ने मेरा साथ कभी नहीं छोड़ा/ मेरी कोशिश यह रही/ पत्थरों की  हवा में टकरायें मेरे शब्द/ और बीमारी की डूबती नब्ज थामकर/ ताजा पत्तियों की सांस बन जाएँ 
  • ऐसे ज़िंदा रहने से नफरत है मुझे / जिसमें हर कोई आये और मुझे अच्छा कहे/ मैं हर किसी की तारीफ़ करते भटकता रहूँ/ मेरे दुश्मन न हों/ और मैं इसे अपने हक़ में बड़ी बात मानूं। 
  • सच बोलकर सम्भव नहीं था / सच को बताना/ इसीलिये मैंने चुना झूठ का रास्ता/ कविताओं का 
  • यह वक़्त नहीं एक मुकदमा है या तो गवाही दो या हो जाओ गूंगे/ हमेशा हमेशा के वास्ते 
  • होगा जो कवि/  वही तो कहेगा/ खटाक से खुलते चाक़ू की तरह 
मैं समझ नहीं पा रहा कि  किन शब्दों में आप सबको धन्यवाद् दूँ। शायद हमारे बीच यह आवश्यक भी नहीं  मैं आपका
-चंद्रकांत देवताले 

20 February 2013

कोई पार्ट टाइम कवि नहीं होता : चन्द्रकान्त देवताले


चंद्रकांत देवताले से यह साक्षात्कार उन्हें 2012 का हिंदी के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार देने की घोषणा के ठीक बाद प्रीति सिंह परिहार ने लिया था। इस साक्षात्कार में देवताले जी ने एक ना सिर्फ अपने लेखन बल्कि समय और समाज से जुड़े सवालों का भी जवाब दिया। यह साक्षात्कार एक कवि के नजर से साहित्य और समाज को जानने का मौका देता है. 
====================================================================






  •  लेखन के लिए कविता की विधा का ही चयन क्यों किया?
  • पहला सृजनात्मक स्फुरण सहजागत होता होगा. 1951-52 में नदी नर्मदा में तैरते-छपाछप करते जो मन में उमड़ रहा था, वह मेरी पहली कविता हुई. तब आठवीं का छात्र था. हिंदी विषय में कविता-कहानी-निबंध पढ़ते ही थे. यह साहित्य है और विधा इसे कहते हैं, बाद में मालूम पड़ा. इसमें मेरा कोई चुनाव नहीं. कविता मेरे लिए ऐसी है- लगभग देश-बोली-मां जैसी. जिसका मैंने चयन नहीं किया. 



  • आपके लेखन की मूल चिंता क्या है और इसका सबसे मुश्किल पक्ष क्या है? 
  • एक चौकन्ने आदिवासी की तरह ही लेखक की मूल चिंता के केंद्र में मनुष्य और जीवन हैं. फिर इनसे जुड़े प्रकृति-पर्यावरण-भाषा सब ही. लेकिन कॉरपोरेट पूंजी की आंधी और वैश्वीकरण की सुनामी के कारण मची आपाधापी के बीच सबकुछ ही चिंता में तब्दील हो रहा है. सबसे बड़ी दिक्कत यही कि कौन कहे, किसे कहे और कौन है, जो एकजुट हो सोचते-समझते सुने कवि-लेखक की आवाज. सबकुछ गड़बड़ है. और कवि लेखकों के पास हो ही नहीं सकते समाधान के सम्मोहक नुस्खे, जो बांट रहे नेता, पाखंडी-मार्गदर्शक और वे सब, जो पूंजी-सत्ता-जमीन और मानुषधर्म भी हथियाने के लिए बेताब . फिर रचनाकार भी तो नहीं एकजुट. 


  • आपकी रचनाशीलता में पारिवारिक और सामाजिक पृष्ठभूमि की भूमिका क्या रही? 
  • गांव में जन्म, नदी-सतपुड़ा के पहाड़-जंगलों के बीच खेत-खलिहान के साथ गांव के सभी रिश्ते-नातों के संबोधन. ऊंच-नीच, जात-पांत का भेद नहीं. फिर इंदौर में मिला किताबों का घर. स्वतंत्रता आंदोलन की हलचल घर और शहर में थी. एक भाई की डायरी से कविताएं बांचता, बड़ा भाई स्वतंत्रता आंदोलन में गिरफ्तार हुआ. कबीर-तुलसी की पंक्तियां पिता बात-बात में दुहराते. कॉलेज में प्रथम वर्ष- द्वितीय वर्ष के दौरान कामरेड होमीदाजी की सभाओं में शामिल होना फिर उनके लिए छात्रों के साथ चुनाव-प्रचार सीमित क्षेत्र में. अलग से प्रकृति, प्रतिबद्धता, विचारधारा, जीवन के लिए सयास कुछ नहीं. समग्र-प्रभाव. कविता खुद से बता देती है कि वह कहां से आयी है. 


  • आपकीकविताओं में प्रकृति से जुड़ी चीजें बार-बार आती हैं, इस जुड़ाव की कोई खास वजह?
  • प्रकृति के बीच रहने और उससे जुड़ने के कारण. सचेत ढंग से नहीं. चौदह-पंद्र्रह स्थानांतरण. छोटी-छोटी जगहों में प्रेम के साथ रहा. वहां का वैभव और जीवन संघर्ष, उसमें शामिल होकर महसूस करता रहा. 

  • आपकीकविता कैसे जन्म लेती है और उसके शब्दाकार होने की प्रक्रिया क्या होती है? 
  • यह सबसे कठिन प्रश्न है. कब कौन सा अनुभव, घटना, स्मृति अवचेतन-चेतन में मथने लगती और उभर आती शब्दों में कागज पर. कब, कहां, कैसे रचता हूं कविता, कभी बता नहीं पाया. चलते-फिरते-भटकते-यात्रा में रहते, हर कहीं. कोई पार्ट टाइम कवि नहीं होता. फिर भी हर समय मेज पर झुका नहीं रहता. 

  • अब तक के लेखकीय सफर और अपनी सबसे पसंदीदा कविता के बारे में कुछ कहें?
  • पहली कविता 1953 में हाईस्कूल पत्रिका में छपी. फिर 1954 में शहर के अखबार नई दुनिया में. 57-58 में ज्ञानोदय-धर्मयुग में. यानी लगभग पचास-पचपन वर्ष. रास्ता ढूंढ़ते-भूलते- कभी लड़खड़ाते, कहते रहने का मौका नहीं चूका है मैंने. फिर मेरे पास लेखन का कोई हिसाब नहीं. कई हैं पसंदीदा कविताएं, ‘मैं आपसे पूछ रहा आप बताएं-पांच-सात कविताओं के नाम और उनका तापमान’. 

  • कभी कुछ सोचा हुआ न लिख पाने की पीड़ा या रचना में कहीं कुछ छूट जाने का एहसास भी होता है?
  • बहुत कुछ हमेशा बचा रह जाता है. बरसों बाद भी लगता है कविता में यह होता, यह नहीं होता. पर इसमें परेशान होने जैसा कुछ नहीं. ‘कभी खत्म नहीं होती कविता’.

  • एक लेखक के लिए पुरस्कार के मायने क्या हैं? 
  • सम्मान का अर्थ इससे अधिक नहीं कि आपकी आवाज को सुना-पहचाना गया और सोचने-समझनेवाले समाज ने सार्थक माना. जिन्हें पुरस्कार नहीं मिलता वे कम महत्वपूर्ण नहीं हो जाते.

  • वर्तमान समय-समाज का सबसे बड़ा संकट क्या है, साहित्य की इससे उबरने में क्या भूमिका देखते हैं? 
  • वैश्विक अर्थ-व्यवस्था हमारे समाज को हांक रही है. हमारे उदार सत्ताधारी नयी-नयी ईस्ट इंडिया कंपनियों को व्यापार के लिए आमंत्रित कर रहे हैं. मुट्ठी भर लोग समृद्धि के द्वीप पर फरेबी ख्वाब दिखाते और अस्सी प्रतिशत के लगभग जन-जीवन विपन्नता और वंचनाओं का शिकार- फिर विस्फोट प्रसार माध्यम सन्निपात फैलाने में मगन. इसका असर सृजनात्मक जगत पर भी पड़ा है.   रचनाकार विरोध, गवाही और छद्म को बेधने का कार्य कर ही रहा है. पर जैसा मुक्तिबोध ने कहा-साहित्य पर आवश्यकता से अधिक भरोसा करना मूर्खता है, रचनाकार को शब्दों से बाहर आना होगा. पर यह उतना आसान नहीं. बेहद विकट हो गया कवि कर्म आज. 

  • लेखन से इतर क्या पसंद है? 
  • यह प्रश्न बेहद दिलचस्प है. मैं जो कह रहा उस पर भरोसा करना. यद्यपि संकेत भर कर रहा...बचपन से पेड़-पौधों में रुचि रही, जो अभी तक कायम है. पर्यावरण-हरियाली के लिए कुछ न कुछ किया. पेंटिंग में भी. 1964 में 60 से अधिक चित्रों की प्रदर्शनी. हां! पंरिदों-गिलहरी से बहुत प्यार रहा. ब्लैक डॉग भी है, जिसे मैं बकु पंडित कहता हूं, मेरा प्रिय साथी है वह इन दिनों. मुझसे भी उम्र दराज पर वही मुझे सुबह घुमाता है. सब्जी बाजार जाना मुझे बहुत पसंद है. जहां-जहां गया देश में सब्जी मार्केट जरूर गया. बस्तर में आदिवासी हाट के दिन पूरे समय मंडराता रहा दो हाटों में. पर्यटन-गपशप और संगीत से भी जुड़ाव. अंतिम बात, मैं बहुत चटोरा हूं. खाने को बहुत इंजॉय करता हूं. कुकिंग और व्यंजन बनाने की प्रतियोगिता में पुरस्कृत भी हुआ हूं. फ्यूजन करते व्यंजनों को नया स्वाद देना सुहाता है. ‘आम्र पायस’ और ‘भुट्टे के दूध की नुक्ती’ पर पुरस्कार मिला था. अब दरख्तों और परिंदों के साथ अकेलापन भी अच्छा लगता है. बौद्धिक दांभिक और पाखंडियों से दूर रहते साधारण जनों से बातचीत प्राणवंत लगती है.